ऑपरेशन 'SATARK'

ऑपरेशन 'SATARK' के तहत RPF रांची की बड़ी कार्रवाई, 32 बोतल अवैध शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार

रांची मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन SATARK” के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है.

By : Ark Sahuliyar
ऑपरेशन 'SATARK' के तहत RPF रांची की बड़ी कार्रवाई, 32 बोतल अवैध शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन SATARK” के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है. RPF पोस्ट रांची एवं RPF फ्लाइंग टीम रांची की संयुक्त टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 32 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो युवकों को पकड़ा. बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹45,620 बताई गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन एवं RPF पोस्ट रांची के पोस्ट कमांडर की निगरानी में रांची रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में शाम करीब 17:15 बजे ट्रेन संख्या 15027 मौर्य एक्सप्रेस के रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर पहुंचने के बाद RPF की संयुक्त टीम द्वारा ट्रेन के कोचों की जांच की जा रही थी. जांच के दौरान दो युवक अपने बैग में भारी सामान लेकर संदिग्ध अवस्था में पाए गए. टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रोककर पूछताछ की तथा उनके बैग की तलाशी ली.

तलाशी के दौरान उनके पास से 11 बोतल 100 पाइपर्स डीलक्स व्हिस्की, 08 बोतल सिग्नेचर व्हिस्की तथा 13 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, प्रत्येक 750 मिलीलीटर की, कुल 32 बोतल यानी 24 लीटर शराब बरामद की गई. बरामद शराब का कुल अनुमानित मूल्य ₹45,620 है. पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, प्राधिकार पत्र अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद RPF के SI बसंत मलिक द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए गवाहों की उपस्थिति में बरामद शराब को जब्त किया गया.

पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान संतोष कुमार (22 वर्ष), निवासी तिलरथ, थाना बरौनी, जिला बेगूसराय तथा सएवर्श कुमार (25 वर्ष), निवासी पंसारा, थाना नावकोठी, जिला बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है. दोनों व्यक्तियों को जब्त शराब के साथ RPF पोस्ट रांची लाया गया. आवश्यक गिरफ्तारी एवं जब्ती संबंधी दस्तावेज तैयार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु दोनों व्यक्तियों एवं जब्त शराब को उत्पाद विभाग, रांची को सुपुर्द किया जाएगा. RPF रांची द्वारा ऑपरेशन “SATARK” के तहत रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी सतर्कता एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें- RIMS में अत्याधुनिक तकनीक से ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्से को सुरक्षित रखने में मिली सफलता