न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: ओरमांझी क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ओरमांझी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार की शाम पुलिस ने एक वाहन (संख्या: JH 01GC 4124) से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है. पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर कुल 260 पेटी शराब बरामद की गई. बताया जा रहा है कि प्रत्येक पेटी में 12-12 प्लास्टिक बोतलें रखी हुई थीं. इस दौरान वाहन पर सवार फलेंद्र भोगता (पिता: बिगन भोगता), निवासी ग्राम बाम्हनीडीह, थाना गोला, जिला रामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहा था. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है. ओरमांझी थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़ें: बेरमो विधायक ने बिरसा मुंडा पार्क बोकारो थर्मल में 2.50 लाख की लगत का किया पेवर ब्लॉक बिछाने का शिलान्यास