न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और 'कैप्टन कूल' के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी अब झारखंड की पहचान बनेंगे. एमएस धोनी को झारखंड पर्यटन का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है. खास बात यह है कि धोनी ने बिना किसी व्यावसायिक शर्त के इसके लिए सहमति दी है.
जानकारी के अनुसार, इसी महीने झारखंड टूरिज्म के प्रमोशनल शूट की शुरुआत हो जाएगी, जिसमें धोनी झारखंड की हसीन वादियों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के सामने प्रमोट करते नजर आएंगे.
पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि एमएस धौनी के जुड़ने से झारखंड पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बूस्ट मिलेगा. इससे न केवल राज्य की एक सकारात्मक छवि देश और विदेश में जाएगी, बल्कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है. अधिकारियों का मानना है कि जब एमएस धोनी झारखंड को प्रमोट करेंगे, तो इससे एक बड़ा 'बज' क्रिएट होगा और राज्य को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिलेगी.
ये भी पढ़ें- FJCCI प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री दीपिका पाण्डे सिंह से की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा