न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले के लेस्लीगंज मुख्य बाजार स्थित गांधी चौक पर आज बुधवार को व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया. मंगलवार को प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता द्वारा मुख्य बाजार स्थित मां काली मोबाइल दुकान और घर पर जमकर हंगामा किए जाने के बाद बुधवार को बाजार का माहौल बदला-बदला नजर आया.
विधायक के हंगामे के विरोध में व्यवसायियों ने बुधवार को एकजुटता दिखाते हुए करीब 80 प्रतिशत दुकानें बंद रखीं. बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहने से गांधी चौक सहित मुख्य बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. आम दिनों की तुलना में बाजार में लोगों की आवाजाही भी कम देखने को मिली.
व्यवसायियों के इस कदम से बाजार में मंगलवार की घटना को लेकर नाराजगी का माहौल साफ दिखाई दिया. अचानक बड़ी संख्या में दुकानें बंद रहने से बाजार की रौनक फीकी पड़ गई. घटना के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.
इसे भी पढ़ें: झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव: अभय कुमार चतुर्वेदी बने अध्यक्ष, रिंकू भगत को मिला उपाध्यक्ष का पद