अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई.बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षक की उपस्थिति एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.बैठक के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से टीचर अटेंडेंस की समीक्षा करते हुए ई विद्या वाहिनी पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति का गहन परीक्षण किया. समीक्षा में पाया गया कि कुछ शिक्षक ऐसे हैं जिनकी उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज नहीं है. इसके बावजूद उनका वेतन निर्गत कर दिया गया है. इस पर गंभीर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित प्रधानाध्यापक सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों (डीडीओ) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में संबंधित डीडीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए तथा उनके विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.इसके साथ ही उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि गलत तरीके से निर्गत वेतन की राशि की वसूली (रिकवरी) भी की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कोषागार वाहक के विरुद्ध भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में शिक्षक उपस्थिति का सत्यापन सुनिश्चित करते हुए ही वेतन भुगतान किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-विद्या वाहिनी पोर्टल का नियमित एवं सटीक उपयोग सुनिश्चित करें.
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आधार कार्ड एवं अपार (APAAR) कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का निष्पादन करते हुए 30 अप्रैल तक आधार कार्ड एवं अपार कार्ड जनरेशन का कार्य हर हाल में पूर्ण सुनिश्चित किया जाए.उन्होंने कहा कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए, निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में स्टीयरिंग कमेटी, पोशाक , छात्रवृति, पोषण वाटिका, विद्यालयों में मध्याह्न भोजन वितरण, विद्यालय में खाद्यान्न की प्रत्येक माह की ससमय उपलब्धता समेत अन्य विषयों की जानकारी लेते हुए बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया.
बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: लातेहार डीटीओ ने चंदवा अंझरिया घाटी पर वाहन जांच अभियान चलाया, नियम उल्लंघन करने वाले 59 चालकों पर की कार्रवाई