विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: हजारीबाग-बरही मार्ग पर टाटा टिस्कॉन ब्रांड के टीएमटी सरिया की संदिग्ध बरामदगी का मामला सामने आया है. टाटा स्टील की सुरक्षा और ब्रांड सुरक्षा टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे स्थित एक होटल के पीछे खुले स्थान से बड़ी मात्रा में सरिया बरामद किया है. कंपनी ने इस मामले को लेकर पदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
जानकारी के अनुसार टाटा स्टील को सूचना मिली थी कि परिवहन के दौरान कंपनी के ब्रांडेड सरिये की चोरी कर अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा है. सूचना के आधार पर कंपनी की टीम ने हजारीबाग क्षेत्र में जांच अभियान चलाया. इसी क्रम में टीम हजारीबाग-बरही मार्ग पर पहुंची, जहां सड़क किनारे एक होटल के पीछे खुले परिसर में टाटा टिस्कॉन ब्रांड के सरिये रखे मिले. बरामद सामग्री में कटे हुए सरिये के टुकड़े भी शामिल हैं.
कंपनी की टीम ने मौके पर मिली सामग्री का दस्तावेजीकरण कर उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया. शिकायत में ब्रांडेड सरिये की कथित चोरी और अनधिकृत भंडारण का मामला उठाया गया है.
यह कार्रवाई टाटा स्टील के सुरक्षा प्रमुख अखिलेश कुमार, सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक बिमलेश कुमार राय और ब्रांड सुरक्षा के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक ध्रुबोज्योति साहा की मौजूदगी में की गई.
फिलहाल पुलिस और कंपनी की टीम बरामद सरिये के स्रोत, उसके परिवहन तथा होटल के पीछे उसे रखे जाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है. सरिया कहां से लाया गया था और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.