आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित 36 घंटे के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.
समापन सत्र को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार देश की सुरक्षा, सामाजिक संतुलन और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अवैध घुसपैठ के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण सहित विभिन्न संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से झारखंड, विशेषकर सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे अवैध घुसपैठियों की पहचान की जाएगी तथा कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि झारखंड के कई जिलों में अवैध घुसपैठ एक गंभीर चुनौती बनकर उभरी है. इससे स्थानीय संसाधनों पर दबाव बढ़ता है, रोजगार के अवसर प्रभावित होते हैं तथा जनसांख्यिकीय संतुलन पर भी असर पड़ता है. केंद्र की मोदी सरकार इस विषय को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा मानते हुए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अवैध रूप से देश में रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा.
संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले एक दशक में अभूतपूर्व विकास देखा है. वैश्विक ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद भारत सरकार की दूरदर्शी नीतियों और मजबूत कूटनीतिक प्रयासों के कारण देश में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता लगातार बनी रही. भारत ने अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए विभिन्न देशों के साथ संतुलित संबंध बनाए रखे, जिसका लाभ देशवासियों को मिला. उन्होंने कहा कि विश्व के कई देशों में ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि हुई, लेकिन भारत सरकार ने आम जनता पर बोझ कम करने के लिए कई अवसरों पर उत्पाद शुल्क में कटौती की तथा राज्यों से भी राहत देने की अपील की.
केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर ही सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है और इसी उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित एवं समाजहित में कार्य करना चाहिए.
समापन सत्र को प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रशिक्षण वर्ग अधिकारी अशोक बड़ाईक, रांची के पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह तथा रविनाथ किशोर ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने संगठन की कार्यपद्धति, सोशल मीडिया की भूमिका, जनसंपर्क, वैचारिक प्रतिबद्धता तथा कार्य विस्तार की रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया.
प्रशिक्षण वर्ग जिला अध्यक्ष दीपक पुरी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ. मंच संचालन जिला महामंत्री मुकेश श्रीवास्तव एवं रवि गुप्ता ने किया. धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला अध्यक्ष दीपक पुरी ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के लिए अमृत के समान है. इससे कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को समर्पित भाव से कार्य करना होगा.
उन्होंने कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्राप्त मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, जनसंपर्क तथा सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार में नई ऊर्जा प्रदान करेगा. प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत, सशक्त संगठन तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया. अंत में प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन पर सभी प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया.
यह भी पढ़ें: मैक्लुस्कीगंज पुलिस को बड़ी सफलता, पशु चोरी कांड के दो आरोपी गिरफ्तार