मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: मजदूर नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य अब्दुल्लाह अंसारी ने एक ओर जहां राय बस्ती एवं डुण्डू गांव के दिवंगत छोटू विश्वकर्मा और विश्वनाथ महतो के परिजनों को दुख की घड़ी में आर्थिक एवं खाद्य सहायता प्रदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया, वहीं दूसरी ओर ग्राम डकरा में बढ़ती पेयजल समस्या को देखते हुए वर्षों से बंद पड़े जलमीनार की मरम्मत कार्य भी करवाया.
राय बस्ती निवासी स्वर्गीय छोटू विश्वकर्मा एवं डुण्डू निवासी स्वर्गीय विश्वनाथ महतो के निधन की सूचना मिलते ही अब्दुल्लाह अंसारी उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिवारों से मिलकर ढांढस बंधाया. इस दौरान उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहायता के साथ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज का दायित्व है.
वहीं दूसरी ओर ग्राम डकरा में लगातार गहराती पेयजल समस्या और वर्षों से बंद पड़े जलमीनार को लेकर ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए अब्दुल्लाह अंसारी ने जलमीनार की मरम्मत के लिए 30 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई. उनके सहयोग से मरम्मत कार्य शुरू कराया गया, जिससे ग्रामीणों को जल्द पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जगी है.
अब्दुल्लाह अंसारी ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है. चाहे पीड़ित परिवारों की सहायता हो या गांव की बुनियादी सुविधाओं की बहाली, वे हरसंभव जनता के साथ खड़े रहेंगे. उनके इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे जनसेवा का सच्चा उदाहरण बताया.
यह भी पढ़ें: ख्रीस्त राजा चर्च खलारी में हर्षोल्लास से मनाया गया अब्बा दिवस, फादर ऑस्कर टोप्पो ने पिता की भूमिका पर दिया संदेश