मधु सुदन/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: कुचाई थाना क्षेत्र के सेगोई गांव में शनिवार को अफीम की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जागरूकता बैठक की. थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में ग्रामीणों को अफीम की खेती के कानूनी प्रावधानों और इसके सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई.
थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा ने कहा कि अफीम की अवैध खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य के लिए भी गंभीर खतरा है. उन्होंने ग्रामीणों से अफीम की खेती से पूरी तरह दूर रहने और आसपास कहीं भी इसकी खेती होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अफीम की अवैध खेती करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के सेवन और अवैध कारोबार से होने वाले नुकसान के बारे में भी जागरूक किया गया.
थाना प्रभारी ने कहा कि अधिक मुनाफे के लालच में की जाने वाली अफीम की खेती का असर परिवार के साथ-साथ पूरे समाज पर पड़ता है. युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है.
पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की. बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिसकर्मी मौजूद रहे. अभियान के जरिए ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती के खिलाफ एकजुट होकर नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया गया.