प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह थाना क्षेत्र के पुटूआगढ़ जंगल में दो दिन पूर्व पेड़ से लटके युवक का शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा. मृतक के गांव हुटार के ग्रामीणों ने पंचायत की मुखिया शोभा देवी के नेतृत्व में लातेहार और पलामू को जोड़ने वाली हुटार–बरवाडीह पथ स्थित कोयल नदी पुल पर जाम लगा दिया. भीड़ मृतक के शव के साथ पुल पर बैठ गई और इसे हत्या करार देते हुए मामले का शीघ्र और पारदर्शी खुलासा तथा आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगी.
मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व पलामू जिले के हूंटार निवासी चंदन भुइंया (उम्र लगभग 28 वर्ष) पिता सुकन भुइंया का शव पुटूआगढ़ जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला था. सूचना प्राप्त होते ही बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार दल–बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया था.
इसी बीच बुधवार सुबह लगभग 7 बजे मुखिया शोभा देवी के नेतृत्व में परिजन, मृतक के दो छोटे बच्चों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शव के साथ मुख्य मार्ग में जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि चंदन भुइंया की गांव के ही लोगों ने हत्या की है और पुलिस दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है. जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया.
जाम की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी ओम प्रकाश साह, बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार, सब इंस्पेक्टर राजन अधिकारी एवं अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे. स्थिति को गंभीर देखते हुए एसडीपीओ भरत राम भी घटनास्थल पर पहुंच गए.
बाद में स्थानीय समाजसेवी दिलीप चंद्रवंशी की मध्यस्थता से अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी तथा आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा. आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे के बाद दोपहर लगभग 12 बजे जाम खत्म हुआ और आवागमन सामान्य हो सका.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर मामले का खुलासा नहीं हुआ और आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए, तो वे पुनः उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. जाम के दौरान दोनों जिलों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: गढ़वा उपायुक्त की अध्यक्षता में नगर भवन में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन