70वीं स्कूल नेशनल गेम्स

70वीं स्कूल नेशनल गेम्स में पलामू की बेटी खुशबू का जलवा, गतका में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है उसे सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की.

By : Ark Sahuliyar
70वीं स्कूल नेशनल गेम्स में पलामू की बेटी खुशबू का जलवा, गतका में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

न्यूज़11 भारत 
पलामू/डेस्क:
प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है उसे सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की. इस कथन को चरितार्थ करते हुए पलामू की होनहार बेटी खुशबू कुमारी ने दिल्ली में आयोजित 70वीं स्कूल नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है. 

गतका प्रतियोगिता में कांस्य पदक (ब्रोंज मेडल) हासिल कर खुशबू ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और अदम्य खेल भावना का परिचय दिया है.खुशबू कुमारी प्लस टू हाई स्कूल, लोहड़ा की कक्षा नौवीं की छात्रा है. उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे पलामू जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है. इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने खुशबू को सम्मानित करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि पलामू की धरती पर प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. आवश्यकता है तो केवल उन्हें सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि हमारे बच्चों को निरंतर प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन मिलता रहे, तो वे आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी पलामू और झारखंड का नाम रोशन करेंगे.

उन्होंने खुशबू की इस उपलब्धि को जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और उनकी उपलब्धियां एक सकारात्मक एवं सशक्त समाज की पहचान हैं.मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अभिषेक दुबे, आलोक दुबे, खेल शिक्षक अनुपम तिवारी, हीरालाल यादव, रंजीत कुमार एवं तपन चटर्जी सहित अन्य लोग उपस्थित थे. सभी ने खुशबू की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.