अमित दत्ता/न्यूज11 भारत
खूंटी/डेस्क: मारंगहादा थाना क्षेत्र के लांदुप नीचे टोली गांव में 14/15 नवंबर की रात सोए हुए बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस दोहरे हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों — कान्डे नाग (25 वर्ष) और जयलाल मुण्डा (19 वर्ष) — को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं.
खूंटी डीएसपी वरुण रजक ने जानकारी दी कि मृतक कानू मुण्डा (66 वर्ष) और उनकी पत्नी गौरी देवी (64 वर्ष) की घर में सोते समय तेजधार हथियार से हत्या की गई थी. इस संबंध में मृतक के पुत्र मनसा मुण्डा के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा. पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि गौरी देवी द्वारा आए दिन गाली-गलौज और ताने दिए जाने से परेशान होकर उन्होंने इस घटना को अंजाम देने की योजना बनाई.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और तोनो बरामद कर लिए हैं. फरार दो अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद पूरे षड्यंत्र से पर्दा उठ जाएगा.
छापामारी दल में वरूण रजक (अनु॰पु॰पदा॰, खूँटी), फ्रांसिस जेबियर बाड़ा (पु॰नि॰, मारंगहादा अंचल), संतोष रजक (अनुसंधानकर्ता), मनोज कुमार यादव, कृष्णकांत मेहता, विमल तिग्गा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: बंदूक की नोक पर डकैती, दंपती को घंटों बंधक बनाकर लूटपाट, रॉड से की मारपीट