CISF की बड़ी कार्रवाई

खलारी: केरकेट्टा जंगल में CISF की बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला खदानों की काटी बिजली, ड्रोन से रखी जा रही नजर

सीसीएल (CCL) के एनके और पिपरवार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केरकेट्टा जंगल में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ (CISF) ने एक बार फिर बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया है.

By : Ark Sahuliyar
खलारी: केरकेट्टा जंगल में CISF की बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला खदानों की काटी बिजली, ड्रोन से रखी जा रही नजर

न्यूज़11 भारत 
खलारी/डेस्क:
सीसीएल (CCL) के एनके और पिपरवार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केरकेट्टा जंगल में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ (CISF) ने एक बार फिर बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया है. कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में कोयला माफियाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए अवैध खदानों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से काट दी गई है. उप कमांडेंट अजय कुमार पांडेय की देखरेख में सीआईएसएफ की रेड टीम ने जंगल के विभिन्न हिस्सों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया.

छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि अवैध खनन के लिए जंगल में दूर तक बिजली के तार बिछाए गए थे. सीसीएल के कर्मियों की मदद से इन सभी कनेक्शनों को काट दिया गया है और मौके से भारी मात्रा में तार बरामद किया गया है. जब्त तारों को एमएमडीआर एक्ट (MMDR Act) के तहत आगे की कार्रवाई के लिए मैकलुस्कीगंज पुलिस को सौंपा जाएगा. माफियाओं पर नकेल कसने के लिए सीआईएसएफ अब ड्रोन तकनीक का भी भरपूर इस्तेमाल कर रही है. ड्रोन के जरिए लीज होल्ड क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है और संदिग्ध तस्वीरें मिलने पर ग्राउंड टीम तुरंत एक्शन ले रही है. सीआईएसएफ ने साफ कर दिया है कि कोयला क्षेत्र की सुरक्षा के लिए उनका यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.