मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: मजदूर दिवस के अवसर पर केडीएच माइनिंग ऑफिस में बी.एन. पांडेय की अध्यक्षता में शोक सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. सभा का संचालन बसंत कुमार ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत शहीद मजदूरों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया.
सभा को संबोधित करते हुए संघ के सीसीएल अध्यक्ष बी.एन. पांडेय ने कहा कि मजदूर दिवस मजदूरों के सम्मान, अधिकार और एकता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में मजदूरों और मजदूर नेताओं पर लगातार हो रहे हमले चिंता का विषय हैं. ऐसे समय में मजदूरों को संगठित होकर मजदूर विरोधी नीतियों और निर्णयों का मजबूती से विरोध करना होगा.
उन्होंने कहा कि मजदूरों की एकजुटता हर संघर्ष को जीतने की ताकत रखती है. आने वाले समय में मजदूरों के सामने कई चुनौतियां हैं, इसलिए हर मजदूर को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा.
बी.एन. पांडेय ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में मजदूरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. यदि मजदूर एक दिन भी काम पर न जाएं तो देश की व्यवस्था ठप पड़ सकती है. इसलिए व्यवस्था में बैठे लोगों को मजदूरों के महत्व और उनके योगदान को समझना होगा.
सभा के अंत में मजदूर सम्मान और एकता के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए.
कार्यक्रम में बी.एन. पांडेय, बसंत कुमार पंकज, के.आर. प्रसाद, सुनील कुमार, दादा राम, रोहित कुमार, गौतम कुमार, सैकेंदर कुमार, जी.टी. शर्मा, एम.डी. सहज, रामपेरुश नोनिया, मनोज उरांव, शंकर मोची, कुलेश्वर महतो, गोपाल मुंडा, अमृत मोची, सोमरा उरांव, प्रेम कुमार, शंकर गंझू, लखन महतो, तुलसी गंझू, नवीन पाठक, सहदेव उरांव, लालदेव पाहन एवं सिप्ता गंझू सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा शहर के बड़े क्षेत्र में एनएच 143 के किनारे सूखा पेड़ खतरे को कर रहा आमंत्रित