कुमार चंदन/न्यूज 11 भारत
चतरा/डेस्क: झारखंड में 10 साल के लंबे इंतजार के बाद आज 1 नवंबर को आयोजित हो रही झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर चतरा जिले के दोनों अनुमंडलों में पूरी मुस्तैदी है. जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह से ही जिले के सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें और भारी भीड़ देखने को मिल रही है.
जिला शिक्षा विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, चतरा जिले में कुल 12,268 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. इनमें से प्रथम पाली (उच्च प्राथमिक स्तर, कक्षा 6 से 8) के लिए कुल 7,103 और द्वितीय पाली (प्राथमिक स्तर, कक्षा 1 से 5) के लिए 5,165 परीक्षार्थी निर्धारित हैं. अनुमंडलवार और पहली पाली के आंकड़ों की बात करें तो चतरा अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले 15 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में 5,605 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं. शेष अभ्यर्थी सिमरिया अनुमंडल के अंतर्गत बनाए गए 3 परीक्षा केंद्रों पर अपनी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.
परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने के लिए डीसी रवि आनंद और एसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में जिले के तमाम वरीय अधिकारी सुबह से ही अलर्ट मोड पर हैं. चतरा के सीएम उत्कृष्ट विद्यालय केंद्र, नजारथ विद्या निकेतन और उच्च मध्य विद्यालय (बॉय स्कूल) समेत सभी सेंटरों पर सुबह 7:30 बजे से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई. सुरक्षा के मोर्चे पर किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए परीक्षा केंद्रों पर झारखंड पुलिस, चौकीदार और होमगार्ड के जवानों की भारी तैनाती की गई है. केंद्र के मुख्य द्वार पर ही अभ्यर्थियों की सघन और बारीकी से जांच की जा रही है. एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र और पारदर्शी पेन के अलावा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने पर सख्त रोक है. प्रशासन की इस चौकस व्यवस्था के चलते केंद्रों के बाहर अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में फिर बदला मौसम, 5 नवंबर तक बारिश का अलर्ट; ठंड बढ़ने के आसार