न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में बीते दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद अब धीरे-धीरे मौसम साफ़ होने लगा है. आज 5 नवंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क रखने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 5 से 10 नवंबर तक राज्य में बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि सुबह-शाम ठंड बढ़ सकती है. कई जिलों में सुबह कोहरा भी छाया रह सकता है.
आज राजधानी रांची समेत कई जिलों का मौसम शुष्क रहने वाला है. दोपहर में जहां धूप खिली रहेगी, तो वहीं शाम होते ही कनकनी बढ़ सकती है. आज रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद में बारिश की कोई संभावना नहीं है. इसके अलावा देवघर, दुमका, जामताड़ा, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम शुष्क रहने वाला है.
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है. हालांकि इन जिलों में भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज 5 नवंबर से झारखंड के मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने वाला है. अब कनकनी के साथ ठंड बढ़ेगी. सुबह कुहासा और हल्की ठंड, दोपहर में धूप और शाम होते ही कनकनी का एहसास होने लगेगा. रात में तापमान गिरने से ठंड और अधिक बढ़ सकती है . वहीं आगामी कुछ दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना बेहद कम है. राजधानी रांची में 6 नवंबर तक न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें: रातू थाना क्षेत्र में डकैती की वारदात को अपराधियों ने दिया अंजाम, पांच की संख्या में बदमाशों ने एक घंटे मचाया तांडव