न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, न्यूनतम और अधिकतम तापमान का अन्तर कम होने और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही बर्फबारी ने झारखंड का तापमान काफी गिरा दिया है. झारखंड में ठंड का यह आलम है कि गुमला का पारा गिरकर 2.2 डिग्री पर पहुंच गया है. माघ महीने ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. अगर धूप हो रही है तो उसका तीखापन भी लोगों को सहन नहीं हो रहा है, और अगर बदली हो गयी तो उसकी कनकनी भी बर्दाश्त से बाहर हो जा रही है. उधर मौसम विभाग ने भी येलो अलर्ट जारी कर बताया है कि अभी कुछ दिन मौसम का यही हाल बना रहेगा.
गुमला के बाद अन्य जिलों की बात करें तो खूंटी और लोहरदगा का तापमान 3.7 डिग्री पर पहुंच गया है. इसके कारण इन जिलों में भी ठंड अपना कहर बरपा रही है. डाल्टनगंज का 4.6 डिग्री, सरायकेला खरसावां, पाकुड़ और लातेहार का 6 डिग्री न्यूनतम पारा भी कुछ कम नहीं है. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री अवश्य है, लेकिन अधिकतम तापमान कम होने से यहां भी लोगों को ठंड से राहत नहीं है. राज्य के कई जिलों में ठंड का यह आलम है कि शाम होते ही सड़कों पर आमदरफ्त कम हो जाती है. शाम होने के बाद कम लोग ही घरों से निकलना पसंद कर रहे हैं. बाहर की ठंड से ज्यादा घर की रजाई ज्यादा अच्छी लग रही है. वैसे भी मौसम विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों को बेहद अहतियात बरतने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री ने दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम दौरे की तैयारियों की समीक्षा की