न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: न्यू ईयर 2026 का स्वागत झारखंड में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच हो रहा हैं. मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया हैं. विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और देर रात के समय.
इन जिलों में अलर्ट
IMD के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका हैं. इन इलाकों में दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना हैं.
सबसे ठंडा रहा गुमला, पारा 3.9 डिग्री
राज्य में सबसे ठंडा स्थान गुमला दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं रांची में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. लोहरदगा और डाल्टनगंज में 5.1 डिग्री, खूंटी में 5.2 डिग्री और बोकारो में 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 जनवरी की सुबह साढ़े आठ बजे तक गिरिडीह और देवघर समेत कई जिलों में घना कोहरा बना रह सकता हैं. इसके अलावा गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुर, गोड्डा और साहिबगंज में भी कोहरे की स्थिति गंभीर रहने की संभावना जताई गई हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति बन रही हैं. आने वाले साल के पहले दिन कई जिलों में न्यूनतम तापमान एकल अंक तक पहुंच सकता है, खासकर बिहार से सटे उत्तरी जिलों में.
यह भी पढ़े: झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को मिली प्रोन्नति, अधिसूचना जारी