संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधा कृष्ण किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस पर की गई हालिया टिप्पणी का कड़ा जवाब दिया है. पलामू में आयोजित एक मुखिया सम्मेलन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला.
दरअसल, बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों के बाद भाजपा मुख्यालय से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस अब अपनी मूल पहचान खो चुकी है और जंगलों से खत्म हो रहे माओवादी अब कांग्रेस के भीतर अपनी जड़ें मजबूत कर रहे हैं. पीएम ने यहां तक कह दिया कि कांग्रेस अब 'अर्बन नक्सलियों' का गढ़ बनती जा रही है.
प्रधानमंत्री के इसी बयान पर पलटवार करते हुए राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री कांग्रेस को अर्बन नक्सलियों का गढ़ मानते हैं, तो नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी स्वयं अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का गढ़ हैं. उन्होंने भाजपा की नीतियों को राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताया.
पलामू में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए किशोर ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और उस पर इस तरह के आरोप लगाना न केवल निराधार है, बल्कि देश की राजनीति के गिरते स्तर को भी दर्शाता है. यह बयान अब राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है और दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं.
यह भी पढ़ें: जनता दरबार में देवघर उपायुक्त ने किया ऑन द स्पॉट कई समस्याओं का समाधान, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश