न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति द्वारा आज चैम्बर भवन में मास्टर इशांक सिंह को सम्मानित किया गया. इशांक सिंह ने मात्र 9 घंटे 50 मिनट में श्रीलंका और भारत के बीच स्थित 29 किमी लंबे पाल्क स्ट्रेट को पार कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जिसके लिए उन्हें सबसे कम उम्र के तैराक के रूप में विशेष पहचान मिली है.
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने इशांक की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता को बधाई दी एवं उनका भी सम्मान किया गया.. इशांक से उनके अनुभव और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा चैम्बर की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया. मौके पर चैम्बर की ओर से इशांक सिंह को प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया. उपस्थित सदस्यों ने भी उन्हें पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया और उनकी इस उपलब्धि की सराहना की.
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि मास्टर इशांक सिंह ने जिस साहस, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है, वह पूरे झारखण्ड के लिए गर्व की बात है. इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है. चैम्बर हमेशा ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं के साथ खड़ा रहेगा और उन्हें आगे बढ़ाने में सहयोग करेगा. महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि इशांक की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है. हम आशा करते हैं कि वे भविष्य में भी देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे. सदस्य पूनम आनंद ने कहा कि इशांक की इस उपलब्धि से हम सभी गौरवान्वित हैं.
इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल, मुकेश अग्रवाल, सदस्य पूनम आनंद एवं इशांक के माता पिता एवं नाना उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: भरनो के प्लस टू हाई स्कूल भरनो और प्लस टू हाई स्कूल तुरीअंबा का शत-प्रतिशत परिणाम, छात्राओं ने मारी बाजी