चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: दीपावली पर्व के अवसर पर जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने जिलेवासियों से स्वदेशी परंपरा अपनाने और मिट्टी के दीयों को बढ़ावा देने की अपील की है. उन्होंने लोगों से स्थानीय कुम्हारों और शिल्पकारों द्वारा तैयार मिट्टी के दीये खरीदने का आग्रह किया.
उपायुक्त ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का पर्व है. मिट्टी के दीये हमारी सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और आस्था के प्रतीक हैं. इनकी खरीदारी से स्थानीय कारीगरों के हुनर को सम्मान मिलने के साथ-साथ उनकी आजीविका भी मजबूत होगी.
उन्होंने कहा कि आधुनिक सजावटी विद्युत लाइटों के साथ पारंपरिक मिट्टी के दीयों को भी अपने उत्सव का अभिन्न हिस्सा बनाएं. 'वोकल फॉर लोकल' और आत्मनिर्भर भारत की भावना को अपनाते हुए स्थानीय बाजारों से मिट्टी के दीये एवं स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी को प्राथमिकता दें.
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि इस दीपावली अपने घरों को रोशन करने के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों के घरों में भी खुशियों का उजाला पहुंचाएं.
यह भी पढ़ें: सांसद जोबा माझी ने नंदपुर फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, स्व. हरीश चंद्र दास को दी श्रद्धांजलि