न्यूज11 भारत
गम्हरिया/डेस्क: जेवियर स्कूल,गम्हरिया ने अपना 12वां वार्षिक खेलकूद समारोह बड़े उत्साह के साथ विद्यालय परिसर में मनाया,जिसमें खेल भावना,टीम वर्क और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया गया.स्कूल के सबसे प्रतिष्ठित वार्षिक आयोजनों में से एक इस आयोजन ने छात्रों की एथलेटिक प्रतिभा को उजागर किया और साथ ही दृढ़ता और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित किया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप लिए प्रशासनिक कमांडेंट, स्टेशन हेडक्वार्टर,सोनारी,जमशेदपुर के कर्नल ताकीर मुन्तख़ब और सम्मानित अतिथि के रूप में टाटा स्टील,गम्हरिया के सीईओ श्री रंजन कुमार सिंह उपस्थित थे.विद्यालय के सुपीरियर और XITE कॉलेज के प्राचार्य फादर फ्रांसिस,विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर सेबेस्टियन एवं कोषाध्यक्ष फादर जेराल्ड ने उनका स्वागत किया.मुख्य अतिथि के द्वारा परेड निरिक्षण किया गया.इसके बाद मुख्य अतिथि ने खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ की आधिकारिक घोषणा की.स्कूल की पांच टीमों - NCC कैडेट, चीता,जैगुआर,पैंथर,लेपर्ड ने स्कूल कमांडर पुन्कित कुमार महतो के नेतृत्व में अद्भुत मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया. विद्यालय परिषद् के अध्यक्ष आयुष कुमार ने सभी छात्रों को इस खेल प्रतियोगिता की शपथ दिलवाई.
कार्यक्रम में विभिन्न टीमों और छोटे बच्चों ने रंगारंग ड्रिल प्रदर्शन प्रस्तुत किया और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगो का मन मोह लिया.छात्रों के द्वारा हैरतंगेज़ मानव पिरामिड प्रस्तुत कर पूरे मैदान में मौजूद लोगों के बीच देशभक्ति का जोश भर दिया.
चारों टीमों के बीच ट्रैक और फ़ील्ड स्पर्धाएँ आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
इसके बाद मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र वितरित किए तथा विद्यार्थियों को हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रोत्साहित किया.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि "सच्ची जीत भागीदारी और अपना सर्वस्व समर्पित करने में निहित है."अंत में सभी प्रतिभागियों और विजेताओं के बीच पुरस्कार वितरण किया गया.जगुआर हाउस को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया,वही चीता हाउस की टीम दूसरे स्थान पर रही,तीसरे स्थान पर लेपर्ड हाउस की टीम रही.विद्यालय के बच्चों ने चार विभिन्न हाउस के अंतर्गत मार्च पास्ट किया,जिसमें चीता हाउस को सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट का खिताब दिया गया.समापन समारोह में मार्च पास्ट ने एकता और साझा गौरव पर ज़ोर दिया.कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर सेबेस्टियन ने दिया. समारोह का समापन मशाल बुझाने,विद्यालय ध्वज उतारने, राष्ट्रगान और बीटिंग ऑफ द रिट्रीट के साथ हुआ.
यह भव्य आयोजन खुशी,गर्व और खेल भावना के उत्सव के साथ संपन्न हुआ.इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रशासक ब्रदर अमलराज,उप-प्रधानाचार्य सिस्टर निवेदिता,सिस्टर सविता,खेल प्रशिक्षक विकास कुमार सिंह,तूलिका धारा कोले,सुजीत रजक,सुनीता मांझी समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का अहम योगदान रहा.
यह भी पढ़ें: बेगूसराय मंडल कारा में अचानक हुई छापेमारी मची अफरा-तफरी!