न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी हैं. परिषद के मुताबिक, दोनों परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से एक साथ शुरू होंगी. मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी को समाप्त होगी, जबकि इंटर की परीक्षाएं 23 फरवरी तक चलेंगी.
मैट्रिक परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:45 से दोपहर 1:00 बजे तक ली जाएगी. इंटर परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे. JAC अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने कहा कि परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों को पर्याप्त समय और अनुकूल माहौल मिल सके. स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा के दौरान पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए है ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रहे.
16-17 जनवरी से एडमिट कार्ड डाउनलोड
मैट्रिक के एडमिट कार्ड 16 जनवरी से और इंटर के एडमिट कार्ड 17 जनवरी से डाउनलोड किए जा सकेंगे. इसके लिए JAC की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर लिंक उपलब्ध रहेगा. स्कूल और कॉलेज एडमिट कार्ड डाउनलोड कर छात्रों को वितरित करेंगे. परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई हैं.
24 फरवरी से शुरू होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
- मैट्रिक और इंटर दोनों की प्रायोगिक परीक्षाएं 24 फरवरी से 7 मार्च तक आयोजित की जाएंगी.
- मैट्रिक की प्रायोगिक सामग्री 18 से 21 फरवरी के बीच उपलब्ध कराई जाएगी.
- इंटर की प्रायोगिक सामग्री 20 से 23 फरवरी के बीच संस्थानों को दी जाएगी.
प्रायोगिक और आंतरिक मूल्यांकन के अंक 25 फरवरी से 9 मार्च तक ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे. सभी संस्थानों को अंकसूची की एक प्रति डीइओ कार्यालय में जमा करनी होगी. अधिकारियों के अनुसार, उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में देरी न हुई तो मैट्रिक और इंटर दोनों के परिणाम अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में जारी किए जा सकते हैं.
यह भी पढ़े: IAS विनय चौबे के ससुर और साले को ACB का समन, पूछताछ के लिए बुलाया