न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: नवाचार और शोध को नई दिशा देने के उद्देश्य से Indian Institute of Technology (Indian School of Mines) Dhanbad में 6 और 7 अप्रैल को "इंवेंटिव 2026" के चौथे संस्करण का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य देश में "रिसर्च से इंपैक्ट" की प्रक्रिया को गति देना और "भारत इनोवेट्स 2026" के लिए नए विचारों एवं तकनीकों को बढ़ावा देना है. यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन देश के पांच प्रमुख आईआईटी - IIT (BHU) Varanasi, IIT (ISM) Dhanbad, IIT Patna, IIT Kharagpur और IIT Bhubaneswar के संयुक्त प्रयास से आयोजित हो रहा है, जिसकी मेजबानी आईआईटी (आईएसएम) धनबाद कर रहा है.
IIT Bombay में हो चुका है "इंवेंटिव 2026" का सफल आयोजन
कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए भाग लेने वाले संस्थानों को अलग-अलग थीम सौंपी गई हैं. इन थीम्स के तहत शोधकर्ता अपने नवाचारों और रिसर्च प्रोजेक्ट्स का लाइव प्रदर्शन करेंगे. 6 अप्रैल से शुरू होने वाले इस आयोजन में कई स्टार्टअप्स भी हिस्सा लेंगे और अपने नए विचारों को प्रस्तुत करेंगे. "इंवेंटिव 2026" को रिसर्च और इंडस्ट्री के बीच मजबूत सेतु के रूप में देखा जा रहा है. इससे पहले इसका सफल आयोजन IIT Bombay में हो चुका है. इस मंच से चयनित स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, जहां वे निवेशकों के साथ सीधे संवाद कर सकेंगे और साझेदारी की संभावनाएं तलाशेंगे.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन
यह पहल "भारत इनोवेट्स" कार्यक्रम से जुड़ी हुई है, जो पीएम नरेंद्र मोदी की सोच से प्रेरित है. "इंवेंटिव" के तहत उभरने वाले नवाचारों को आगे "भारत इनोवेट्स" के मंच पर स्थान दिया जाएगा. आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने इस आयोजन के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रों - आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मटेरियल साइंस, हेल्थकेयर, अर्थ साइंस और सेमीकंडक्टर को केंद्र में रखा है. इन क्षेत्रों में हो रहे शोध को व्यावहारिक रूप देने पर विशेष जोर रहेगा. कार्यक्रम का उद्घाटन 6 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे. संस्थान के निदेशक सुकुमार मिश्रा के अनुसार, देश के 23 आईआईटी में से अब तक 15 संस्थानों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है.
ये भी पढ़ें- इरफान अंसारी के सरंक्षण में हुआ जामताड़ा आयुष्मान भारत घोटाला, पूरे मामले की हो उच्च स्तरीय जांच: अजय साह