मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी थाना पुलिस द्वारा डकरा पुलिया के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व खलारी थाना के एसआई राजकिशोर सिंह ने पुलिस बल के साथ किया. इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की गई.
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और हेलमेट की बारीकी से जांच की गई. बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले और आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले चालकों को चेतावनी देते हुए आवश्यक कार्रवाई भी की गई.
इस दौरान एसआई राजकिशोर सिंह ने कई दोपहिया वाहनों पर तीन से चार युवकों के सवार होकर चलने पर उन्हें फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि कम उम्र में बिना हेलमेट और ट्रिपल लोड वाहन चलाना कानून के खिलाफ है और इससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है.
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें. साथ ही लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, आवश्यक कागजात साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा: महिला स्वयं सहायता समूहों का सहकारिता विभाग में निबंधन, प्रमाण पत्र वितरित