संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले से पुलिस महकमे को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां जेटेट परीक्षा में सुरक्षा के लिए तैनात एक पुलिस जवान की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है. मेदिनीनगर के रेडमा इलाके में ड्यूटी पर तैनात नवगढ़ा ओपी के जवान संजीव तिवारी की सरकारी एसएलआर राइफल अचानक गायब हो गई. इस घटना के सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई.
शुरुआत में जवान ने घबराहट में अधिकारियों को यह कहकर गुमराह करने का प्रयास किया कि उसका हथियार गाड़ी से चोरी हो गया है. हालांकि, जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से छानबीन शुरू की, तो सच्चाई कुछ और ही सामने आई. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वही अत्याधुनिक हथियार उसी रिश्तेदार के घर के भीतर एक सोफे के नीचे से सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
इस पूरी घटना को पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बहुत गंभीरता से लिया है. एसपी ने बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल से इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. पुलिस अधिकारियों को झूठी जानकारी देकर भ्रमित करने और अपने कर्तव्य में भारी लापरवाही बरतने के आरोप में जवान संजीव तिवारी को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही, जवान की उस वक्त की मानसिक स्थिति का पता लगाने के लिए उसका मेडिकल परीक्षण भी करवाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: रांची: 1 करोड़ कीमत का शराब लदा ट्रक गायब, चालक भी लापता; हजारीबाग में मिला आखिरी लोकेशन