न्यूज11 भारत
मनोहपुर/डेस्क: मनोहरपुर प्रखण्ड के अंतर्गत पंचायत एवं ग्राम स्तरीय कैडरों का मानदेय पिछले एक साल से लंबित होने का मामला सामने आया है. इससे जुड़े कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से शीघ्र भुगतान की मांग की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 अप्रैल 2025 से अब तक कार्यरत कैडरों—जिनमें G-CRP, BRP-LH, सीनियर AKS, ANS, CLM, APS, सक्रिय महिला, बैंक सखी एवं सेतु दीदी शामिल हैं—का मानदेय अब तक नहीं मिला है. इसके अलावा वर्ष 2023 के G-CRP का नवम्बर माह का मानदेय भी लंबित बताया जा रहा है.
कार्यकर्ताओं का कहना है कि नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद मानदेय का भुगतान नहीं होने से उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही, पारिवारिक एवं दैनिक आर्थिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है. इस संबंध में सभी प्रभावित कैडरों ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, मनोहरपुर को एक ज्ञापन देकर उनसे अनुरोध किया है कि लंबित मानदेय का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने यह भी मांग की है कि भविष्य में मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह नियमित रूप से किया जाए, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए. प्रशासन से इस मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक पहल की अपेक्षा की जा रही है.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर में 72 घंटे का अखंड संकीर्तन महायज्ञ प्रारंभ, बड़ी संख्या में महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा