चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा डेस्क: जामताड़ा डीसी आलोक कुमार के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न लाइन होटलों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार एवं पवन चौधरी की संयुक्त टीम ने आरंभ लाइन होटल पांडेडीह में जांच के दौरान बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के होटल संचालित पाया. यहां चार पैकेट एक्सपायरी दही को मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि पनीर और रसगुल्ले का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया.
वहीं ओम साईं होटल एंड रेस्टोरेंट नारायणपुर में निरीक्षण के दौरान पनीर का नमूना लिया गया. यहां रसोईघर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई. इसके अलावा मंडल लाइन होटल बरियारपुर में जांच के दौरान अखाद्य रंग जब्त किया गया तथा पनीर का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए रांची भेजा गया.
खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले होटल एवं प्रतिष्ठानों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही जिले में इस तरह का निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: सरयू राय से जुड़े 'आहार' पत्रिका मामले में HC सख्त, कहा- अनिश्चितकाल तक फाइल लटकाकर नहीं रख सकती सरकार