भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क:- गांडेय प्रखंड के बरमसिया-1 पंचायत अंतर्गत पदनाटांड गांव निवासी मोइद अंसारी ने शनिवार को गिरिडीह के उप विकास आयुक्त को आवेदन देकर भेड़र मंटू पांडेय पर 92 हजार 959 रुपये की राशि गबन करने का आरोप लगाया है. मोइद अंसारी ने आवेदन की प्रतिलिपि गिरिडीह उपायुक्त, गांडेय विधायक तथा राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद को भी सौंपी है.
आवेदन में मोइद अंसारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में उनके नाम से पशु शेड निर्माण योजना स्वीकृत हुई थी. योजना के मटेरियल मद की राशि निकासी के लिए भेड़र मंटू पांडेय ने उनसे संपर्क कर अपने भोचर से भुगतान कराने की बात कही. आरोप है कि बाद में भेड़र ने भोचर हटाने की बात कहकर टालमटोल की और अंततः 18 अक्टूबर 2025 को 92,959 रुपये की मटेरियल राशि भेड़र के खाते में चली गई.
लाभुक का आरोप है कि राशि मांगने पर भेड़र ने रॉयल्टी, जीएसटी और कमीशन काटने की बात कहते हुए केवल 50 हजार रुपये देने की बात कही. मामले को लेकर मोइद अंसारी ने प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.