कुमार चंदन/न्यूज 11 भारत.
चतरा/डेस्क: चतरा जिले में जमीन के फर्जीवाड़े का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ भू-माफियाओं ने सारे नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों की जमीन पर कब्जा जमाने की साजिश रची. मामला दीभा मोहल्ला निवासी नीरज सिन्हा और राहुल देव की पैतृक जमीन से जुड़ा है. आरोप है कि जमीन एक वार्ड की, विक्रेता दूसरे इलाके का और होल्डिंग किसी तीसरे व्यक्ति के नाम होने के बावजूद, एक ही तारीख को धड़ल्ले से सात जमीनों की अवैध रजिस्ट्री करा दी गई.शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, भू-माफियाओं ने नगर परिषद की होल्डिंग रसीद में छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और दूसरे जिले से पावर ऑफ अटॉर्नी ले ली. जिस रसीद का हवाला दिया गया, वह असल में किसी और के नाम दर्ज थी.
हद तो तब हो गई जब वार्ड छह के पार्षद दीपक कुमार वर्मा ने नियम विरुद्ध दूसरे वार्ड के व्यक्ति का फर्जी वंशावली अपने लेटरहेड पर जारी कर दिया, जिसे आधार बनाकर यह पूरा खेल खेला गया. खास बात यह है कि जमीन मालिकों ने संभावित फर्जीवाड़े को लेकर पहले ही डीसी, एसडीओ, सीओ और सब-रजिस्ट्रार को लिखित शिकायत दी थी. इसके बावजूद निबंधन कार्यालय से रजिस्ट्री हो जाना सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. इस संबंध में अवर निबंधन पदाधिकारी संतोष रजक ने कहा कि कार्यालय स्तर पर दस्तावेजों की जांच के बाद ही निबंधन होता है. यदि गुमराह कर फर्जी कागजों पर रजिस्ट्री कराई गई है, तो मामले की गहनता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पार्षद दीपक कुमार वर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने खतियान देखकर केवल वंशावली बनाई थी, उनकी अन्य किसी गतिविधि में कोई संलिप्तता नहीं है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने कहा कि शिकायत पहले ही संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है. मुख्यालय से लौटने के बाद वे खुद पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाएंगे और संलिप्त भू-माफियाओं व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे. इस बड़े खुलासे से चतरा के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़ें: चतरा: टंडवा के लरंगा सामिडीह में हाथियों का दूसरी रात भी भयंकर तांडव, 4 घर और 8 किसानों की फसलें तबाह