प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को भरनो थाना परिसर क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में भरनो थाना के पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और नवयुग शिक्षा निकेतन भरनो के स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस दौड़ के माध्यम से लोगों को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार की सुबह भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक चौक से हुई. थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों एवं स्कूली बच्चों के साथ दौड़ को रवाना किया. दौड़ ब्लॉक चौक से भरनो-चट्टी मुख्य मार्ग होते हुए ब्लॉक गेट,अमनपुर और अस्पताल मोड़ तक पहुंची. इसके बाद सभी प्रतिभागी वापस ब्लॉक चौक पहुंचे,जहां दौड़ का समापन हुआ. पूरे मार्ग में पुलिसकर्मियों और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था. इस दौरान थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य देश की एकता,अखंडता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना है. सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया था. उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात कर देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है. ऐसे आयोजनों से विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय एकता,अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है.
कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक चंद्रमोहन महतो, हरिशंकर शाही, शांति महतो,श्रीकांत प्रसाद केशरी,पीके सिंह,एसआई महादेव यादव, एएसआई अमोद कुमार, अजय कुमार गुप्ता,वशिष्ठ नारायण सिंह, सिकंदर कुमार, रामजी बैठा, फागू उरांव और रंजय कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी एवं चौकीदार उपस्थित रहे. वहीं नवयुग शिक्षा निकेतन के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्कूली बच्चों के साथ अन्य लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने राष्ट्रीय एकता,अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया.