नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिया/डेस्क: जिला प्रशासन गुमला की एक संवेदशील पहल के तहत बसिया प्रखंड में सामाजिक सुरक्षा और समावेशी विकास का नजारा देखने को मिला. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में आयोजित एक विशेष शिविर में प्रखंड के 262 निबंधित वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के बीच नि:शुल्क सहायक उपकरणों का वितरण किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त (DDC) दिलेश्वर महत्तो उपस्थित रहे. उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) जयवन्ति देवगम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुप्रिया भगत, अंचल अधिकारी नरेश कुमार मुंडा, प्रमुख जगरानी तिग्गा और अलीमको (ALIMCO) के प्रतिनिधि संजय मंडल ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई.
यह कार्यक्रम जिला प्रशासन के नेतृत्व में CSR पहल के अंतर्गत GIC के सहयोग और ALIMCO के द्वारा संपन्न कराया गया.
व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल और बैसाखी.
श्रवण यंत्र (Hearing Aids), कृत्रिम अंग और अन्य जरूरी सहायक उपकरणों का वितरण किया गया.
"प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति अपनी शारीरिक चुनौतियों के कारण मुख्यधारा से पीछे न रहे. वितरण से पहले गहन पंजीकरण और आकलन किया गया था ताकि सही व्यक्ति को सही उपकरण मिल सके.
उपकरण वितरण के साथ-साथ अधिकारियों ने लाभार्थियों से सीधा संवाद किया. उन्हें उपकरणों के रखरखाव और सही तरीके से उपयोग करने की बारीकियां समझाईं, ताकि ये उपकरण लंबे समय तक उनकी जीवनशैली को सुगम बनाने में मदद कर सकें.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए इस तरह की योजनाओं का क्रियान्वयन आगे भी रहेगा. प्रशासन का संकल्प है कि सरकारी और संस्थागत सहायता हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे.
यह भी पढ़ें: अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड में अवैध आरा मिल ध्वस्त, मशीन और वाहन जब्त