न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर अब झारखंड में काफी कम हो गया है. 28-29 अक्टूबर को राज्यभर में चक्रवात का व्यापक असर दिखा, दो दिन तेज हवाओं के साथ लगातार झमाझम बारिश हुई. वहीं कल 30 अक्टूबर से मौसम धीरे-धीरे साफ़ होता दिख रहा है. कल राजधानी रांची समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई. वहीं आज 31 अक्टूबर से मौसम साफ़ होने की संभावना है. साथ ही तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की भी आशंका जताई गयी है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज सुहावना बना रहेगा. आसमान में बादल छाये रहेंगे, साथ ही कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है. इस दौरान सुबह कुहासा छाया रह सकता है. साथ ही सुबह-शाम ठंड बढ़ने की भी संभावना है.
5 नवंबर तक झारखंड में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं. साथ ही कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक कल शुक्रवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम था. वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रांची में कुल 8.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. वहीं कल सुबह रांची में घना कुहासा भी छाया रहा.
इसे भी पढ़ें: खुले में नहाने पर हुआ विवाद, हत्या के दोषी को 12 साल बाद हाईकोर्ट से राहत, उम्रकैद की सजा रद्द