भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय अंचल के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाटांड गांव में गुरुवार को वन विभाग की टीम ने छापामारी कर अवैध रूप से संचालित आरा मिल को ध्वस्त कर दिया. छापेमारी के दौरान टीम ने मिल परिसर में लगी मशीन को जेसीबी से उखाड़ दिया. साथ ही परिसर में रखी कटहल, पीपल, बरगद और आम समेत विभिन्न प्रजातियों की लकड़ियां जब्त की गईं. मौके से तीन बाइक और एक पिकअप वैन भी जब्त की गई.
जानकारी के अनुसार वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलाटांड में अवैध आरा मिल संचालित हो रहा है. उनके निर्देश पर गिरिडीह वन क्षेत्र पदाधिकारी एस.के. रवि के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई. जब्त लकड़ियों को गांडेय वन विभाग कार्यालय लाया गया, जबकि मशीन और वाहनों को खुरचुट्रा वन प्रक्षेत्र कार्यालय भेजा गया.
बताया गया कि आरा मिल का संचालन जितेंद्र राणा द्वारा किया जा रहा था. वन क्षेत्र पदाधिकारी ने कहा कि संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा अवैध आरा मिलों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिलिंगगोडा पहुंच कर वीर सोरेन के पार्थिव शरीर पर अर्पित किया पुष्प चक्र