विकास कुमार/न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 अंतर्गत नहर मोड़ से नाग बाबा के बीच जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर लंबे समय से बनी जल-जमाव की समस्या को लेकर नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी ने स्थल का निरीक्षण किया. स्थानीय लोगों की दूरभाष से मिले सूचना पर पहुंचे उपाध्यक्ष ने स्थिति को गंभीर बताते हुए संबंधित कर्मियों को तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया.निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सड़क पर जल-जमाव के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. साथ ही नाली के पानी के कारण सड़क पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द से जल्द पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और सड़क को और नुकसान से बचाया जा सके. इस मौके पर वार्ड पार्षद अभिमन्यु कुमार गुप्ता, शंभू कुमार, प्रतिनिधि प्रदीप पटेल, पूर्व वार्ड पार्षद सुदर्शन राम, रवि यादव, बृजमोहन चौधरी एवं मनीष कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: डालटनगंज की रेलवे कॉलोनी में फायरिंग कर लूट की साजिश रच रहे दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद