संतोष श्रीवास्तव/विकास कुमार
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की एक पीड़िता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गंभीर अपराध का खुलासा किया है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी विजय दरुआ, जो कि ओडिशा के बोलनगीर का निवासी है, ने पीड़िता को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसके बाद अपहरण, बलात्कार, ब्लैकमेलिंग तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम दिया. आरोपी पर पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आरोप है, जिसके तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं समेत आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. अनुसंधान के दौरान तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी तेलंगाना राज्य के महबूबनगर में छिपा हुआ है, लेकिन वहां छापेमारी के दौरान वह भागने में सफल रहा. पुलिस ने हार नहीं मानी और तकनीकी साक्ष्यों का पीछा करते हुए ओडिशा के मोरिबहाल थाना क्षेत्र तक पहुँची, जहाँ वह अपने पैतृक घर पर भी नहीं मिला. अंततः गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर पता चला कि आरोपी अपनी बहन के घर कांटाबांजी जिला बोलनगीर में शरण लिए हुए है. स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई इस छापेमारी में मुख्य अभियुक्त विजय दरुआ पिता पुड़ा दरुआ को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे ट्रांजिट रिमांड पर स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया है.
इस सफल छापेमारी दल का नेतृत्व हुसैनाबाद थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी ने किया, जिसमें पुलिस अवर निरीक्षक रमण यादव, महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी, आरक्षी विकास राम, सुरेंद्र पाल और तकनीकी शाखा के कर्मी मुख्य रूप से शामिल थे.
यह भी पढ़ें: महावीर मंदिर प्रांगण पुन्दाग में कलश यात्रा को लेकर बैठक सम्पन्न