न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: तपस्विनी एक्सप्रेस में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. ट्रेन के कोच S-4 के शौचालय स्थित डस्टबिन से एक जीवित नवजात शिशु बरामद किया गया. आरपीएफ जवान बिरसा ओरांव की सतर्कता से इस अमानवीय कृत्य का खुलासा हुआ और मासूम की जान बच सकी.
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ एसआई साधना कुमारी एवं महिला आरक्षी रीना यादव ने तत्परता दिखाते हुए नवजात को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया. इसके बाद जीआरपी और चाइल्डलाइन के सहयोग से शिशु को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
पहले नवजात को डीआरएच हटिया में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया. फिलहाल शिशु की हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है. आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर पूरे मामले में संवेदनशीलता बरतते हुए बच्चे को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया. यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है, लेकिन आरपीएफ की तत्परता ने एक मासूम की जिंदगी बचा ली.
ये भी पढ़ें- कांग्रेस ने की चुनावी राज्यों के लिए ऑब्ज़र्वर की नियुक्ति, इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी