न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के सुखदेव नगर इलाके में दखल दिहानी को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला. कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में महादेव उरांव को दखल दिहानी दिलाने पहुंचा था, लेकिन इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध किया.
जानकारी के अनुसार, सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के खादगढ़ा मिलन चौक के पास जब प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ पक्के मकान के सामने के हिस्से को तोड़ने पहुंची, तो स्थानीय लोग इसका विरोध करने लगे. इस दौरान पुलिस और स्थानीय निवासियों के बीच कई बार आमना-सामना हुआ और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. विरोध के दौरान जमकर धक्का-मुक्की भी हुई.
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौके पर मौजूद रहीं, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया. दखल दिहानी की यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है. वहीं, मामले को लेकर बुधवार को भी आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम की सफलता, झारखण्ड को फाइलेरिया मुक्त बनायेंगी: इरफ़ान अंसारी