प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह–मेदिनीनगर मुख्य पथ स्थित हीरो शोरूम के समीप दोपहर करीब 1 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में उकामाड़ मुखिया पूनम देवी के पति सह ग्राम प्रधान कैलाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई.स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट पाई गई और आठ टांके लगाए गए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सा प्रभारी डॉ. मंटू कुमार, ड्रेसर राजेश चंद्र उर्फ बबलू और एम्बुलेंस चालक दीपक सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपचार सुनिश्चित किया.इधर, स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है तथा हादसे के कारणों की गहन छानबीन की जा रही है.
यह भी पढ़ें: टोरी आरओबी निर्माण में देरी पर बोले सांसद कालीचरण सिंह, जटिलताओं को दूर करने का दावा