राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
चंदवा/डेस्क: प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की अहले सुबह होलिका दहन का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. चंदवा के कंचन नगरी में महावीर मंडल के तत्वावधान में विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और पारंपरिक पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
इसके अलावा शहर के बुध बाजार, हरैया तथा ग्रामीण क्षेत्रों आन, महुआमिलान, बारी, कामता समेत कई स्थानों पर भी होलिका दहन का आयोजन धूमधाम से किया गया. जगह-जगह लोगों ने एकत्र होकर पूजा की और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया. होलिका दहन को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया. पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार यह पर्व अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है. बुधवार को रंगों का पर्व होली पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा.
यह भी पढ़े: लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन का भव्य होली मिलन समारोह