न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने आज हेमंत सरकार पार्ट 2 के पहली वर्षगांठ पर हुए नियुक्ति पत्र वितरण समारोह पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार करोड़ों रुपए विज्ञापन और कार्यक्रमों पर खर्च कर अपना पीठ थपथपा रही है. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को बताना चाहिए कि आज जो लगभग दस हजार नियुक्तियों का ढिंढोरा पीटा जा रहा है उसमें हेमंत सरकार द्वारा कितनी वेकेंसी निकाली गई है. ये तो अधिकांश पूर्ववर्ती रघुवर सरकार समय निकाली गई वेकेंसी है जिसे हेमंत सरकार ने कानूनी प्रक्रियाओं में उलझा दिया. कहा कि दरअसल इंडी गठबंधन योजनाओं को लटकाने ,भटकाने और अटकाने में ज्यादा भरोसा करता है.जनता के कल्याण से इनका कुछ भी लेना देना नहीं.
आदित्य साहू ने कहा कि 10 लाख नौकरी का वादा कर सत्ता में आने वाली राज्य सरकार 10 हजार से भी कम नियुक्ति पत्र का जश्न मना रही है. कहा कि यही सरकार है जिसने दुबारा सत्ता संभालते ही राज्य में दो लाख से अधिक सरकारी पद को ही समाप्त कर दिया . कहा कि आज सरकार को नियुक्ति पत्र की जगह पद समाप्ति पत्र वितरित करना चाहिए. आदित्य साहू ने कहा कि आज युवा हताश और निराश है , जेएसएस सी सीजीएल की परीक्षाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है. बेरोजगारी भत्ता की चर्चा तक सरकार नहीं कर रही. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने परीक्षा कैलेंडर जारी करने की घोषणा की थी जिसका कोई अता पता नहीं. ऐसे में यह नियुक्ति पत्र वितरण समारोह युवा बेरोजगारों के लिए जले पर नमक डालने के समान है.
ये भी पढ़ें- फेस टाइम के जरिए पुलिस और कोल माफिया चोरी का सिंडिकेट चलाने की तैयारी में: बाबूलाल मरांडी