प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बेतला नेशनल पार्क के समीप कुटमू-सरईडीह मुख्य मार्ग पर स्थित कुटमू शिव नाला पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण कार्य का मंगलवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया. मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे.
भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि कुटमू शिव नाला पुल का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने कहा कि यह पुल वर्षों से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है. और इसके निर्माण से हजारों लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा. उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुल नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों, संघर्षों और सपनों को साकार करने वाली परियोजना है.
विधायक ने कहा कि बरसात के दिनों में शिव नाला का जलस्तर बढ़ जाने के कारण कुटमू, सरईडीह सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता था. ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था तथा कई बार जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता था. पुल निर्माण के बाद लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी.
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में सड़क और पुल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. इस पुल के निर्माण से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी. साथ ही बेतला नेशनल पार्क से जुड़े पर्यटन क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे.
विधायक ने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं.
वहीं, भूमि पूजन कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने पुल निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पुल बनने के बाद बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से हमेशा के लिए राहत मिलेगी और आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो जाएगा.
मौके पर 20 सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू, एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार, अनिल सिंह, शिवानंद तिवारी उर्फ दीपू, उमेश राम, मनान अंसारी, समसुल अंसारी, हेसामूल अंसारी, जयप्रकाश रजक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: बहरागोड़ा: एनएच-18 पर वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, पुलिस की तत्परता भी नहीं बचा सकी जान