पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के चुन्दरी गांव में शुक्रवार को आई तेज बारिश और आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई. इस दौरान गांव निवासी लारसा महतो के खपरैल मकान पर एक विशालकाय आम का पेड़ गिर पड़ा, जिससे मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. पेड़ गिरने से बिजली का एक पोल भी टूट गया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा और बारिश के बीच अचानक पुराना आम का पेड़ जड़ से टूटकर मकान की छत पर गिर पड़ा. पेड़ गिरते ही खपरैल छत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और घर के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा.
पीड़ित लारसा महतो ने बताया कि उन्होंने कई बार पेड़ के मालिक से पुराने और जर्जर पेड़ को कटवाने का आग्रह किया था, लेकिन इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पेड़ को हटाया गया होता तो यह नुकसान टल सकता था. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए.
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में खतरनाक एवं जर्जर पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का सर्वेक्षण कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान पुराने पेड़ लोगों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं, इसलिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए.
यह भी पढ़ें: दिन में छाया रात जैसा अंधेरा, तेज आंधी और बारिश से थमा जनजीवन