मधु सुदन/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला: जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रशासन ने पहल तेज करने के निर्देश दिए हैं. समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में कौशल विकास, आजीविका, रोजगार सृजन और नाबार्ड से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में आरसेटी और कौशल विकास केंद्रों में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई. डीडीसी ने युवाओं की रुचि, योग्यता और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं के आधार पर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए. साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को स्थानीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों में रोजगार से जोड़ने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया.
डीडीसी ने कहा कि रोजगार की तलाश में युवाओं और किसानों के पलायन को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर आय के स्थायी साधन विकसित करना जरूरी है. इसके लिए औद्योगिक रोजगार के साथ कृषि, पशुपालन और बागवानी जैसे क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए.
वहीं प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया गया. पीएमएफएमई योजना के आवेदनों में तेजी लाने और बैंकों में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया.
डीडीसी ने श्रम एवं नियोजन विभाग को नियमित रूप से रोजगार मेला और भर्ती कैंप आयोजित करने तथा इनकी जानकारी स्थानीय स्तर पर व्यापक रूप से प्रचारित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना होना चाहिए.
बैठक में श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, नियोजन पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी और प्रशिक्षण केंद्रों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: 15वें वित्त आयोग के अनुदान से गांडेय में 1.11 करोड़ की लागत से दो उप स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास