संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद प्रखंड के कुर्मीपुर मे स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव के निर्देश पर फुटबॉल स्टेडियम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी और राजद के अनुमंडल अध्यक्ष खुर्शीद अहमद ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया. इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी ने कहा कि विधायक संजय कुमार सिंह यादव क्षेत्र की एक-एक समस्या के प्रति गंभीर हैं. क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं.
कुर्मीपुर में फुटबॉल स्टेडियम बनने से स्थानीय युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा. राजद अनुमंडल अध्यक्ष खुर्शीद अहमद ने कहा कि हुसैनाबाद विधानसभा में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है. जनता एक-एक योजना पर निगरानी रख रही है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी. यह कार्य ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल पलामू के अधीन कराया जा रहा है. मौके पर मुखिया सुदेश्वर राम, पूर्व मुखिया विजय प्रसाद यादव, सतेंद्र सिंह, प्रिंस सिंह, जंग बहादुर सिंह, आलोक सिंह, सुरेंद्र यादव, विनोद यादव, विजय सिंह, रवि रंजन सिंह, राजन सिंह, अभियंता आनंद तिवारी, इंजीनियर विकास सिंह, प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: चतरा: डीसी रवि आनंद ने माओवादी आत्मसमर्पण से जुड़े 24 आवेदनों की उच्चस्तरीय समीक्षा की