चंपाई सोरेन

चाईबासा पहुंचे पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, महागठबंधन सरकार पर जमकर साधा निशाना

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन आज चाईबासा पहुंचे.

By : Ark Sahuliyar
चाईबासा पहुंचे पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, महागठबंधन सरकार पर जमकर साधा निशाना

रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत 
चाईबासा/डेस्क:
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन आज चाईबासा पहुंचे. यहां भाजपा द्वारा आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम के तहत उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हेमंत सरकार और महागठबंधन पर जमकर हमला बोला. चाईबासा प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंपाई सोरेन ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है. कांग्रेस को हर जगह हार का सामना करना पड़ रहा है. झारखंड में JMM और कांग्रेस के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है. 

देशवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताया है. उन्होंने कहा कि चाहे संथाल परगना की बात करें या मझगांव विधानसभा की, हर जगह डेमोग्राफी बदल गई है. आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही है, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं है. घुसपैठ के कारण आदिवासी समाज खतरे में है.

SIR और वोटर लिस्ट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि SIR में सिर्फ मृतकों के नाम काटे गए हैं. यह प्रक्रिया पहले भी होती रही है. कांग्रेस और महागठबंधन केवल देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है. वोट चोरी का आरोप लगाकर ये लोग लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को बचाने और राज्य में फैली अराजकता को खत्म करने के लिए लड़ाई लड़ेगी. इस मौके पर पूर्व मंत्री बड़कुवर गागराई, भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पुरी, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.