न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: रांची के डोरंडा स्थित झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP-1) परिसर में 14 से 17 अक्टूबर तक 20वीं झारखंड स्टेट पुलिस ड्यूटी मीट-2025 का आयोजन किया गया. इस चार दिवसीय कार्यक्रम में राज्य के सभी जोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया.
कार्यक्रम के दौरान राज्यभर की आठ टीमों के 80 पुलिसकर्मियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई. पुलिस के तकनीकी, अनुसंधान और अपराध जांच कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों ने 12 प्रकार की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिनमें फॉरेंसिक साइंस (लिखित), क्राइम जांच, कंप्यूटर अवेयरनेस, फोटोग्राफी, फिंगर प्रिंट (प्रैक्टिकल व ओरल), लिफ्टिंग-पैकिंग, डॉग स्क्वायड एक्सप्लोसिव ट्रैक्टर जैसी विधाएं शामिल थीं.
तीन गोल्ड और एक ब्रॉन्ज से किया नाम रोशन
स्टेट पुलिस ड्यूटी मीट में उतरी छोटानागपुर प्रमंडल हज़ारीबाग़ जोन का प्रदर्शन शानदार रहा. चौपारण के पूर्व थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने एक बार फिर अपनी दक्षता और प्रतिभा का लोहा मनवाया. उन्होंने व्यक्तिगत श्रेणी में तीन गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए. उन्होंने फॉरेंसिक साइंस, लॉ पेपर और फिंगर प्रिंट में स्वर्ण पदक, जबकि एक श्रेणी में कांस्य पदक प्राप्त किया. उनके अलावा उतरी छोटानागपुर जोन के ही कुणाल किशोर, कुंदन कांत विमल और आरक्षी अजय भगत ने भी क्रमशः सिल्वर मेडल जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया. राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अनुपम प्रकाश का भी राष्ट्रीय स्तर की पुलिस ड्यूटी मीट के लिए चयन किया गया है.
मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, बढ़ाया मनोबल
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी टीमों और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा हमारे पुलिस अधिकारी और जवान आज तकनीकी दक्षता और अनुसंधान क्षमता में लगातार निखार ला रहे हैं. इस तरह की प्रतियोगिताएँ पुलिस बल की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास को और मजबूत करती हैं.
मुख्यमंत्री ने चौपारण के पूर्व थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश को स्टेट लेवल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वयं अपने हाथों से सम्मानित किया.
कार्यक्रम में डीजीपी, आईजी सहित पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे. अनुपम प्रकाश का यह सम्मान न केवल चौपारण, बल्कि पूरे छोटानागपुर जोन के लिए गर्व का विषय है. अब वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.
ज्ञात हो कि इससे पहले उतरी छोटानागपुर प्रमंडल हज़ारीबाग़ के अंतर्गत आयोजित रेंज पुलिस ड्यूटी मिट 2025 में भी चौपारण के तत्कालीन थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने ऑल ऑवर रेंज चैंपियन व्यक्तिगत का खिताब जीत कर पूरे प्रखण्ड के साथ हज़ारीबाग़ जिले का भी नाम रौशन किए थे.