विरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र के भगहर इलाके में अवैध दारू भट्ठी एवं लकड़ी माफिया के विरुद्ध वन विभाग ने पुलिस के साथ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. इस छापेमारी में अवैध शराब कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ है और दर्जनों भट्ठियों को ध्वस्त किया गया है.
कई रेंज की संयुक्त टीम हुई शामिल
इस कार्रवाई में चौपारण प्रक्षेत्र के वनकर्मी, सदर प्रक्षेत्र, बरही प्रक्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मी तथा चौपारण थाना पुलिस बल शामिल रहे. वन विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि भगहर के जंगली इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब का निर्माण कर उसे बिहार भेजा जा रहा है, साथ ही लकड़ी माफिया भी सक्रिय हैं. सूचना के आधार पर वन विभाग ने रणनीति बनाकर सुबह-सुबह छापेमारी की. जंगल के अंदरूनी हिस्सों में चल रही भट्ठियों को चिन्हित कर टीम ने एक साथ धावा बोला.
मौके से भारी मात्रा में सामग्री बरामद और नष्ट
छापेमारी के दौरान मौके से बड़े पैमाने पर ड्रम, तैयार महुआ शराब, जवा महुआ, डेगची एवं शराब बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए. टीम ने मौके पर ही सभी उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर नष्ट कर दिया और कुछ सामग्री को जब्त किया गया. वन विभाग के अनुसार इस कार्रवाई में लगभग 35 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया है.
प्रतिदिन 4-5 लाख की शराब बिहार सप्लाई
आपको बताते चलें कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से झारखंड के सीमावर्ती इलाकों से बड़े पैमाने पर अवैध शराब की तस्करी बिहार में की जा रही है. सूत्रों के अनुसार भगहर से प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये की अवैध शराब बिहार भेजी जा रही थी.
दारू माफियाओं द्वारा जंगल को नुकसान पहुंचाकर लकड़ी की तस्करी भी की जा रही थी, जिस पर वन विभाग की नजर थी. वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब निर्माण और लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है. उनके विरुद्ध वन अधिनियम एवं उत्पाद अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा में धुमधाम से मनाया जाएगा कुडू शिव मंदिर का वार्षिक उत्सव, भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु