भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के पदाधिकारी मनीष तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को ताराटांड़ थाना क्षेत्र के कुंडलवादह गांव में संचालित एक अवैध आरा मिल पर बड़ी कार्रवाई की. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में वन विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन की मदद से अवैध आरा मिल को ध्वस्त कर दिया.
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने आरा मशीन सहित लगभग 30 हजार रुपये मूल्य की लकड़ी जब्त की जिसे वन विभाग कार्यालय परिसर लाया गया. जब्त लकड़ी में कटहल और आम प्रजाति की लकड़ी शामिल है.
वनपाल रोहित पंडित ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. अवैध रूप से संचालित आरा मिल को ध्वस्त करने के साथ ही वहां रखी लकड़ी और मशीन को जब्त कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इस छापेमारी अभियान में वन रक्षी रंजन कुमार शर्मा, विष्णु किस्कु, दाऊद आलम, बिनोद कुमार, रामदेव मरांडी, छोटु दास, बबिता कुमारी सहित ताराटांड़ थाना की पुलिस टीम मौजूद रही.
यह भी पढ़ें: जपला में HPV वैक्सीन को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित, छात्राओं-अभिभावकों को समझाया गया वैक्सीन का महत्व