प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड की खुरा ग्राम पंचायत स्थित सूर्य मंदिर के समीप छठ घाट के पास बारिश के कारण क्षतिग्रस्त होकर धंसी पुलिया से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. लंबे समय से रास्ता खराब रहने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही थी. ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए चतरा सांसद कालीचरण सिंह के निर्देश पर पुलिया पर मिट्टी भराई का कार्य कराया गया. इससे फिलहाल आवागमन बहाल हो गया है और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. सांसद के निर्देश पर भाजपा बरवाडीह मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी भराई का कार्य कराया और रास्ते को आवागमन योग्य बनाया.
बारिश के कारण पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ छठ घाट की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही थी. रास्ता दुरुस्त होने के बाद ग्रामीणों में खुशी देखी जा रही है.ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया धंसने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी. खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल आने-जाने वाले लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती थी. मिट्टी भराई के बाद लोगों को तत्काल राहत मिली है. ग्रामीणों ने सांसद कालीचरण सिंह के प्रति आभार जताते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया का स्थायी निर्माण कराने की भी जरूरत बताई, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न नहीं हो. इस मौके पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, उपेंद्र प्रसाद, महामंत्री प्रवीण कुमार, हेमंत कुमार कश्यप, नंदेव सिंह, नंदलाल प्रसाद, विनय चंदेल, ग्राम प्रधान सूरजमल प्रसाद, दिनेश प्रसाद, नंदू प्रसाद, कृष्ण प्रसाद, दिलीप प्रसाद, संदीप प्रसाद, झुन्नू प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद, मुनेश्वर प्रसाद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.